Vedant Samachar

मालदीव में स्पीडबोट पलटने से रेमंड चेयरमैन गौतम सिंघानिया घायल, दो भारतीय लापता…

Vedant Samachar
3 Min Read

नईदिल्ली, 21 मार्च ।मालदीव में स्पीडबोट पलटने से रेमंड ग्रुप के चेयरमैन गौतम हरि सिंघानिया घायल हो गए, जबकि दो भारतीय अब भी लापता हैं।यह घटना कल सुबह मालदीव के वी फेलिधू इलाके के पास हुई, जब पर्यटकों को लेकर जा रही स्पीडबोट अचानक समुद्र में पलट गई। बोट में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें भारत, ब्रिटेन और रूस के पर्यटक शामिल थे। इससे पहले रिपोर्ट्स में बताया गया कि हादसा गुरुवार देर रात करीब 11 बजे हुआ।गौतम सिंघानिया को इस हादसे में मामूली चोटें आईं।

उन्हें तुरंत रेस्क्यू कर एयरलिफ्ट के जरिए मुंबई लाया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज हुआ। उनके प्रवक्ता के मुताबिक अब उनकी हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं।हादसे में रैली ड्राइवर हरि सिंह भी सवार थे, जो एक अन्य भारतीय के साथ अब तक लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। स्थानीय प्रशासन, कोस्ट गार्ड और रेस्क्यू टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। सिंघानिया के प्रवक्ता ने लोगों की दुआओं के लिए आभार जताया और लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद जताई है। गौतम सिंघानिया देश के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाते हैं।

वह रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जिनकी नेटवर्थ करीब 11 हजार करोड़ रुपए बताई जाती है। रेमंड ग्रुप कपड़ा, डेनिम, कंज्यूमर केयर, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट जैसे कई सेक्टर में सक्रिय है। रेडीमेड गारमेंट्स और हाई क्वालिटी डेनिम के लिए कंपनी की मजबूत पहचान है। रेमंड की शुरुआत 1925 में ठाणे से एक वूलन मिल के रूप में हुई थी, जो शुरुआत में सेना के लिए यूनिफॉर्म बनाती थी। बाद में सिंघानिया परिवार ने इसे देश-विदेश में फैले बड़े ब्रांड में बदल दिया।

विजयपत सिंघानिया के दौर में कंपनी ने तेजी से विस्तार किया, वहीं गौतम सिंघानिया ने इसे आधुनिक टेक्नोलॉजी और नए डिजाइन के साथ आगे बढ़ाया।गौतम सिंघानिया अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और कारों के शौक के लिए भी जाने जाते हैं। उनके पास टेस्ला, लेम्बोर्गिनी, फेरारी और ऑडी जैसी कई लग्जरी कारें हैं। फिलहाल इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सुरक्षित माने जाने वाले टूरिस्ट स्पॉट पर ऐसा हादसा कैसे हुआ और क्या इसमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई।

Share This Article