नई दिल्ली,18 मार्च : IPL Umpire Salary: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) दुनिया की सबसे अमीर और सबसे ज्यादा देखी जाने वाली टी20 लीग है. यहां खिलाड़ियों की करोड़ों की सैलरी और बोनस की चर्चा हमेशा रहती है, लेकिन मैच के दौरान मैदान पर खड़े अंपायरों की मेहनत और उनकी कमाई पर कम ही बात होती है. अंपायर क्रिकेट के नियमों के रखवाले होते हैं और उनके फैसले लाखों-करोड़ों फैंस की नजर में आते हैं. आईपीएल जैसे हाई-प्रेशर टूर्नामेंट में उनकी भूमिका और भी अहम हो जाती है. ऐसे में आईपीएल में अंपायर्स को हर मैच के बदले काफी अच्छी फीस मिलती है.
IPL में अंपायर्स को कितनी मैच फीस मिलती है?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल में ऑन-फील्ड अंपायर को हर मैच के लिए लगभग 3 लाख रुपए मिलते हैं. वहीं, थर्ड अंपायर और फोर्थ अंपायर को 2 लाख रुपए प्रति मैच दिए जाते हैं. कुछ रिपोर्ट्स में एलीट यानी आईसीसी पैनल के सदस्य या अनुभवी अंपायरों को 3.7 लाख रुपये तक प्रति मैच मिलने का जिक्र भी है. वहीं, डेवलपमेंट अंपायरों को फीस हर मैच के बदले लगभग 60 हजार रुपए मिलते हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेऑफ और फाइनल जैसे बड़े मैचों में बोनस और ज्यादा होता है. एलीट अंपायरों को प्लेऑफ में 5-8 लाख रुपए तक का बोनस मिल सकता है, और फाइनल में यह राशि और बढ़ सकती है. एक पूरे सीजन में औसतन 12-15 मैच अंपायरिंग करने वाले अंपायर की कुल कमाई 25-40 लाख रुपए या उससे ज्यादा हो सकती है. इसके अलावा, सभी अंपायरों को सीजन रिटेनर के तौर पर लगभग 7.33 लाख रुपए का फिक्स्ड अमाउंट भी मिलता है, साथ ही ट्रैवल, स्टे और बाकी भत्ते अलग से दिए जाते हैं.
T20I के मुकाबले काफी ज्यादा पैसा
इंडियन प्रीमियर लीग और टी20 इंटरनेशनल मैचों में अंपायरों की फीस में काफी फर्क है. आईपीएल में अंपायरों को टी20I की तुलना में लगभग 2.5 गुना ज्यादा प्रति मैच मिलता है. टी20I मैचों में अंपायरों को प्रति मैच केवल 1.13 से 1.25 लाख रुपए मिलते हैं.जो आईपीएल में मिलने वाली 3 लाख रुपए की मैच फीस से कम है.
