रायपुर,08 मार्च (वेदांत समाचार) । शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय रायपुर और अंतर्राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) नवा रायपुर के बीच शैक्षणिक तथा अनुसंधान सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक समझौता किया गया। इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान संयुक्त रूप से अनुसंधान कार्य, तकनीकी प्रशिक्षण, कार्यशालाएं, संगोष्ठियां तथा छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रमों को बढ़ावा देंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य अमिताभ बनर्जी ने कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, नवाचार आधारित अध्ययन तथा अनुसंधान के नए अवसर मिलेंगे। वहीं संस्थान के निदेशक ओ. पी. व्यास ने कहा कि यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में संस्थान के कुलसचिव पुण्या पटलानी, गणित विभाग के मिथिलेश चौबे तथा लखिंदर मुर्मू उपस्थित रहे। वहीं महाविद्यालय की ओर से विज्ञान क्लब संयोजक सरोज शर्मा, सूचना प्रौद्योगिकी प्रभारी योगेश्वरी पाल तथा संगणक विज्ञान विभागाध्यक्ष किरण बाला दुबे भी मौजूद रहीं।
इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शोध परियोजनाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा तकनीकी गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को नई तकनीकों और अनुसंधान के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल विज्ञान, नवाचार और बहुविषयक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
