धमतरी, 07 मार्च (वेदांत समाचार)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले धमतरी जिले के युवक डायमंड सिंह ध्रुव का शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान किया गया। ग्राम परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने यूपीएससी परीक्षा में 623वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने अपने पांचवें प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। यूपीएससी की परीक्षा को न केवल भारत बल्कि दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है। ऐसे में जिले के एक आदिवासी युवक द्वारा इस परीक्षा में सफलता प्राप्त करना पूरे धमतरी जिले के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने इस अवसर पर कहा कि धमतरी जिले से एक आदिवासी युवा का यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज और जिले के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डायमंड सिंह ध्रुव अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा और अनुभवों से जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय युवा भी यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होकर उच्च पदों पर चयनित हों और देश व समाज की सेवा कर सकें।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी (आईपीएस), डायमंड सिंह ध्रुव, उनके बड़े पिता दिलीप सिंह ध्रुव तथा थाना प्रभारी मगरलोड उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने डायमंड सिंह ध्रुव को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
