कोरबा,06 मार्च (वेदांत समाचार)। शिप्रा सस्टेनेबल डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा फरवरी 2026 के दौरान कोरबा जिले में स्वास्थ्य पखवाड़ा अभियान चलाकर विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ ही ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर की जांच की गई तथा विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान लोगों को उच्च रक्तचाप, एचआईवी/एड्स, सड़क सुरक्षा और परिवार नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया गया। इसके अलावा चश्मा घर के संयुक्त तत्वावधान में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। जांच के दौरान जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क चश्मे भी प्रदान किए गए।
इसी क्रम में भद्रपारा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जहां लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सर्दी-खांसी सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई और जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

स्वास्थ्य पखवाड़ा अभियान के माध्यम से लोगों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आईईसी सामग्री का भी वितरण किया गया। इस पूरे अभियान से 500 से अधिक पुरुष और महिलाएं लाभान्वित हुए। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवकों के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया।
फाउंडेशन के अनुसार यह सभी स्वास्थ्य कार्यक्रम बेल्जियम के शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शाही परिवार के सदस्यों की स्मृति में आयोजित किए गए। संस्था का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
