Vedant Samachar

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के स्वर्ण सिटी निवास पर होली मिलन, हजारों लोगों की उमड़ी भीड़

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,05मार्च (वेदांत समाचार)। ऊर्जा नगरी कोरबा में इस वर्ष होली का पर्व केवल रंगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आपसी प्रेम, सामाजिक आत्मीयता और जनसंवाद का प्रतीक बनकर सामने आया। शहर में कई स्थानों पर होली मिलन समारोह आयोजित हुए, लेकिन स्वर्ण सिटी स्थित पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पर आयोजित समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

समारोह में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों—दर्री, जमनीपाली, बालको, कटघोरा, पाली, हर्दीबाजार, गेवरा तथा पेंड्रा-गौरेला-मरवाही और बिलासपुर से हजारों लोग स्वस्फूर्त रूप से शामिल हुए। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी का आत्मीय स्वागत किया गया और परंपरागत रूप से अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गईं। फाग गीतों की स्वर लहरियों और ढोलक की थाप से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।

समारोह की विशेष बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हर्बल गुलाल का उपयोग किया गया। इस मौके पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि वर्ष भर में किसी से अनजाने में कोई भूल हुई हो, तो उसे भुलाकर प्रेम और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाएं।

गौरतलब है कि जयसिंह अग्रवाल वर्षों से अपने निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित करते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष उमड़ी अभूतपूर्व भीड़ ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि जनता के बीच रहने वाला और उनकी समस्याओं को समझने वाला नेतृत्व ही सच्चे अर्थों में जननेता होता है।

Share This Article