Vedant Samachar

बस 20 रन और… ‘टुक-टुक’ बाबर आजम बन जाएंगे सबसे तेज, टूटेगा क्रिस गेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली,21 फरवरी : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच खेला जाएगा. इस मुकाबले में सभी की नजर बाबर आजम पर रहने वाली है. वह इस मुकाबले के दौरान दिग्गज क्रिस गेल का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.

बाबर आजम पिछले कुछ समय से टी20 फॉर्मेट में अपनी खराब स्ट्राइक रेट के चलते सुर्खियों में हैं. लेकिन वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मैच के दौरान टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 12000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. वह इस कारनामे से सिर्फ 20 रन दूर हैं.

बाबर आजम अब तक टी20 क्रिकेट में 346 मैचों की 334 पारियों में 11,880 रन बना चुके हैं. वहीं, क्रिस गेल ने 12,000 टी20 रन सबसे कम 343 पारियों में पूरे किए थे, जो अब तक का रिकॉर्ड है. अगर बाबर आजम अगले मैच में कम से कम 20 रन बनाते हैं, तो वे इसे सिर्फ 335 पारियों में हासिल कर लेंगे, जो गेल से कम होगी.

बाबर आजम टी20 क्रिकेट में 12 हजार रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज होंगे. इससे पहले ये कारनामा शोएब मलिक ने किया था. लेकिन उन्होंने 451 पारियां ली थीं. दूसरी ओर, विराट कोहली ने ये उपलब्धि 360 पारियों में हासिल की थी.

इसके अलावा, बाबर टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से भी सिर्फ 32 रन दूर हैं. शोएब मलिक ने 31 पारियों में 646 रन बनाए हैं. वहीं, बाबर ने 20 पारियों में 615 रन जुटाए हैं.

Share This Article