Vedant Samachar

उपमुख्यमंत्री अरुण साव से नगर पालिका प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट, विकास कार्यों पर हुई चर्चा

Vedant Samachar
2 Min Read

राजू तिवारी,कोरबा,20 फरवरी(वेदांत समाचार)। अरुण साव से आज नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर स्थित उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान नगर क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी उपमुख्यमंत्री को दी गई।

बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं—सड़क निर्माण, नाली एवं जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा स्वच्छता संबंधी योजनाओं—पर विशेष चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर के कई वार्डों में विकास कार्य प्रगति पर हैं, जबकि कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रतीक्षा में हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगरीय निकायों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

इस दौरान पार्षद हिमांशु देवांगन, अविनाश सिंह, रोहित जायसवाल एवं सुखसागर साहू ने भी उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा अपने-अपने वार्डों से संबंधित आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की अपेक्षा व्यक्त की।

उपमुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। भेंट-मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिससे नगर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है।

Share This Article