Vedant Samachar

वॉकीटॉकी से करते थे तालमेल: अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

जगदलपुर ,02 फरवरी(वेदांत समाचार) । शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए बस्तर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने भिलाई, पंजाब और हरियाणा के रहने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी के दौरान वॉकीटॉकी के जरिए आपस में संपर्क बनाए रखते थे।

एक ही रात में दो बड़ी चोरी की वारदात
29 जनवरी की रात सनसिटी, जगदलपुर स्थित यश मेठानी के सूने मकान में सेंधमारी कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इसी रात थाना बोधघाट क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी से भी चांदी की गणेश व दुर्गा मूर्तियां और 20 हजार रुपये चोरी किए गए थे। लगातार दो वारदातों से पुलिस सतर्क हो गई थी।

तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। प्रार्थियों और गवाहों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य और वारदात के तरीके के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी संलिप्तता उजागर हुई।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों की पहचान अभिषेक खंडारा (पंजाब), नरेंद्र सिंह (भिलाई), विक्की कुमार वर्मा (भिलाई) और विशाल वाल्मीकि (हरियाणा) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी बोलेरो वाहन से शहर में आते, सूने मकानों की रेकी करते और फिर दो आरोपी बाहर निगरानी रखते, जबकि दो अंदर जाकर ताले तोड़ते थे। अंदर और बाहर मौजूद आरोपी वॉकीटॉकी के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे।

सनसिटी कॉलोनी और वृंदावन कॉलोनी की चोरी के बाद आरोपी विशाखापट्टनम की ओर फरार हो गए थे। 31 जनवरी को वे फिर चोरी की नीयत से जगदलपुर लौटे, जहां आड़ावाल–मंगडू कचोरा क्षेत्र में रेकी करते समय पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

चोरी का माल, औजार और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, चोरी में प्रयुक्त औजार, वॉकीटॉकी और बोलेरो वाहन जब्त किया है। यह भी सामने आया कि आरोपी विक्की वर्मा और विशाल वाल्मीकि पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवागंन, डीएसपी साइबर गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में निरीक्षक, उप निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय चोरी गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article