Vedant Samachar

डॉ. संजय गुप्ता को ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026’ अवार्ड

Vedant samachar
4 Min Read

कोरबा, 01 फरवरी (वेदांत समाचार)। इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता को शिक्षा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान, समर्पण और कुशल नेतृत्व के लिए ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह भव्य सम्मान समारोह 1 फरवरी 2026 को हॉलिडे इन, मयूर विहार, नई दिल्ली में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के नामचीन शिक्षाविदों, प्रशासकों, लीडर्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।

डॉ. संजय गुप्ता विगत 48 वर्षों से शिक्षा जगत में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, विद्यालय के समग्र विकास और शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में इंडस पब्लिक स्कूल, दीपका ने शैक्षणिक और प्रशासनिक दोनों ही क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। अनुशासन, समन्वय, दूरदृष्टि और मानवीय मूल्यों के साथ विद्यालय संचालन उनकी पहचान रही है।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए देशभर से केवल 150 शिक्षाविदों का चयन किया गया, जिसमें चयन समिति ने विभिन्न चरणों में शैक्षणिक उपलब्धियों, सामाजिक योगदान, प्रबंधन कौशल और संस्थागत संचालन जैसे कई मापदंडों के आधार पर डॉ. संजय गुप्ता को इस सम्मान के योग्य पाया। यह न केवल इंडस पब्लिक स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

सम्मान समारोह में प्रमुख रूप से डॉ. संयम भारद्वाज (कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, सीबीएसई), डॉ. आलोक कुमार गुप्ता (डिप्टी डायरेक्टर, एनआईओएस, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार), डॉ. संदीप मारवाह (फाउंडर, नोएडा फिल्म सिटी), के. श्रीनिवासन (रीजनल डायरेक्टर, सीबीएसई), डॉ. शंकर गोयनका (लेखक, कोच व स्पीकर), श्रीमती गुरप्रीत कौर (फाउंडर, एडु इंफिनिटी एवं एआई एक्सपर्ट), डॉ. प्रियदर्शी नायक (चेयरमैन, सीईडी इंडिया) सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। इन्हीं विशिष्ट अतिथियों के करकमलों से डॉ. संजय गुप्ता को अवार्ड प्रदान किया गया।

इस अवसर पर डॉ. संजय गुप्ता ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि विद्यालय के पूरे परिवार—शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, कर्मचारियों और प्रबंधन—के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन उद्देश्य अंतिम सांस तक शिक्षा और समाज के लिए समर्पित रहना है। बच्चों के भविष्य निर्माण और विद्यालय संचालन की चुनौतियों को स्वीकार करते हुए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन से कार्य करते रहेंगे। उनका मानना है कि विद्यालय का विकास किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि एक सशक्त टीम से होता है।

डॉ. संजय गुप्ता के इस सम्मान से इंडस पब्लिक स्कूल परिवार में हर्ष और गौरव का माहौल है। ‘बेस्ट स्कूल प्रिंसिपल ऑफ द ईयर 2026’ अवार्ड असाधारण सामाजिक कार्य, शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान, भारतीय कला एवं संस्कृति के संवर्धन सहित विभिन्न मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षाविदों को प्रदान किया जाता है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी डॉ. संजय गुप्ता को अनेक राष्ट्रीय व सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है और वे निरंतर शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।

Share This Article