Vedant Samachar

धमतरी में साइबर हाइजीन पर विशेष कार्यशाला आयोजित, पुलिस अधिकारियों को दिया गया साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण

Vedant Samachar
3 Min Read

धमतरी,30 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन और उपस्थिति में जिले में साइबर हाइजीन से संबंधित एक महत्वपूर्ण निरीक्षण सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पुलिस मुख्यालय से आए साइबर एक्सपर्ट्स की टीम ने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े अहम विषयों पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया।

कार्यशाला में जिले के समस्त विवेचना अधिकारी, सीसीटीएनएस ऑपरेटर्स, साइबर थाना धमतरी की टीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साइबर एक्सपर्ट्स द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, डाटा सुरक्षा के उपाय, मजबूत और सुरक्षित पासवर्ड के उपयोग, ओटीपी, पिन एवं व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही फिशिंग लिंक, ऑनलाइन ठगी और विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग, साइबर अपराध के नए तरीकों, उनके तकनीकी पहलुओं तथा बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आधुनिक विवेचना प्रक्रिया पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों को डिजिटल साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर त्वरित निराकरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर रूप से अधिक सक्षम, जागरूक और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित बनाना रहा, ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ पीड़ितों को शीघ्र और प्रभावी न्याय दिलाया जा सके। उप निरीक्षक अपराजिता सिंह राणा के नेतृत्व में उनकी टीम ने जिले में साइबर सेंसिटाइजेशन करते हुए इस कार्यशाला को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक मीना साहू, पुलिस मुख्यालय से आई उप निरीक्षक अपराजिता सिंह राणा के साथ साइबर कमांडो एवं साइबर क्राइम पेट्रोलिंग यूनिट की टीम, धमतरी साइबर थाना प्रभारी सउनि. प्रदीप सिंह, साइबर टीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article