Vedant Samachar

Janjgir Champa : गेमन पुल से युवक ने लगाई छलांग, हसदेव नदी में डूबने से मौत, आत्महत्या का कारण अज्ञात

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 29 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हसदेव नदी पर स्थित गेमन पुल से एक युवक ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय नाविकों की मदद से पुलिस ने युवक का शव नदी से बरामद किया। घटना चांपा थाना क्षेत्र की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान पंकज नहरेल (38 वर्ष), निवासी मरवाही के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा के मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3:20 बजे पंकज नहरेल अपनी स्कूटी से गेमन पुल के पास पहुंचा। पुल पर रुकने के बाद उसने अपने पास मौजूद कुछ सामान हसदेव नदी में फेंका और इसके बाद खुद भी नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि युवक ने कुछ समय तक पानी में तैरने की कोशिश की, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण वह खुद को बचा नहीं सका।

घटना को देख मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक नदी के तेज बहाव में गहराई की ओर बह चुका था। रेस्क्यू के लिए नगर सेना के जवान भी बुलाए गए, हालांकि बोट उपलब्ध न होने के कारण स्थानीय नाविकों की मदद से खोजबीन शुरू की गई।

करीब 200 मीटर दूर रेलवे लाइन के पुल के पास युवक का शव फंसा हुआ मिला, जिसे बाद में बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके से युवक की स्कूटी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share This Article