रायगढ़ ,29 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिला में हाईवा वाहन के चालक ने माजदा वाहन को सामने से जबरदस्त टक्कर मार दिया। इससे गंभीर रूप से घायल माजदा वाहन के चालक की मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार 3 लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को ग्राम अयोध्यापुरी कोरबा से गांव के पौलुस सोरेंग की बारत माजदा वाहन में सवार होकर कई लोग सीमडेगा झारखंड गए थे। वाहन को कोरबा जमनीपाली दर्री का रहने वाला मनोज मिंज चला रहा था। शादी पूरा होने के बाद बुधवार की रात को तकरीबन साढ़े 8 बजे सभी कोरबा वापस अपने घर आने के लिए निकले थे। माजदा वाहन को मनोज मिंज चला रहा था और सामने निर्मल मिंज, जोसेफ सोरेंग व वालटन बैठे थे।
वहीं वाहन के पीछे रोशन खाखा, सुमित मिंज, अनिकेत खाखा व अन्य लोग सवार थे। तभी जब माजदा वाहन घरघोड़ा के बैहामुड़ा के आगे छाल रोड मेन रोड पर पहुंची, तो सामने की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जबरदस्त ठोकर मार दी। इससे चालक मनोज मिंज गंभीर रूप से जख्मी हो गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। साथ ही निर्मल मिंज, जोसेफ सोरंेग व वालटन मामूली रूप से घारूल हो गए।
हाईवा की टक्कर से माजदा वाहन के सामने का हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई, तो वे मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना घरघोड़ा पुलिस को दी गई। जहां पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और शव को गाड़ी से बाहर निकाल कर उसका पंचनामा किया गया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम और मामूली रूप से घायलो को ईलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया। फिलहाल घटना में पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



