Vedant Samachar

रेल लाइन परियोजना पर कबाड़ चोरों का कहर…दो करोड़ की सामग्री चोरी

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा ,29 जनवरी (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में गेवरा–पेंड्रा नई रेल लाइन परियोजना पर कबाड़ चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। युद्ध स्तर पर चल रहे इस महत्वपूर्ण रेल निर्माण कार्य को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे न सिर्फ करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है, बल्कि परियोजना की समय-सीमा पर भी संकट खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार नई रेल लाइन शिवाकृति प्राइवेट कंपनी द्वारा बिछाई जा रही है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि अब तक करीब दो करोड़ रुपये की रेल सामग्री चोरी हो चुकी है।

चोर बड़ी संख्या में एक साथ पहुंचकर नई बिछाई जा रही रेल लाइन को काटकर ले जा रहे हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से निर्माण कार्य में लगे कर्मचारी और मजदूर दहशत में हैं। चोरों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने निर्माण स्थल के पास खड़ी हाइड्रा मशीन के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे भारी मशीनरी को भी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि चोरी की घटनाएं अधिकतर रात के समय हो रही हैं। सुनसान इलाका और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर कबाड़ चोर सक्रिय हैं।

आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो कीमती रेल सामग्री को काटकर कबाड़ के रूप में बेच रहा है। मामले को लेकर शिवाकृति प्राइवेट कंपनी ने बांकी मोंगरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रेल लाइन निर्माण में चोरी की शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article