0.एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन 1 फरवरी, 2026 को डब्ल्यूसीएल के चेयरमैन- कम- मैनेजिंग डायरेक्टर पद का अतिरिक्त चार्ज लेंगे।
कोरबा,29 जनवरी (वेदांत समाचार)। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के चेयरमैन- कम- मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) पद के लिए साक्षात्कार नहीं हो सका है। इधर, एसईसीएल (SECL) के सीएमडी हरीश दुहन को डब्ल्यूसीएल की अतिरिक्त कमान सौंपी गई है।एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन 1 फरवरी, 2026 को डब्ल्यूसीएल के चेयरमैन- कम- मैनेजिंग डायरेक्टर पद का अतिरिक्त चार्ज लेंगे। इस आशय का आदेश कोयला मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के सीएमडी जय प्रकाश द्विवेदी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आदेश के अनुसार हरीश दुहन तीन माह तक डब्ल्यूसीएल के सीएमडी का अतिरिक्त चार्ज संभालेंगे।
डब्ल्यूसीएल के सीएमडी पद के लिए लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) ने 28 अप्रेल, 2025 को विज्ञापन जारी किया था। नौ माह बाद भी पीईएसबी द्वारा सीएमडी पद के लिए साक्षात्कार नहीं किया जा सका है। इस कारण एसईसीएल के सीएमडी को अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
इधर, बताया गया है कि पूर्णकालिक सीएमडी पद के लिए कम से कम छह माह का और इंतजार करना होगा। साक्षात्कार आयोजित करने और मंत्रालय द्वारा नियुक्ति का आदेश जारी करने में इतना वक्त लग सकता है। तब तक हरीश दुहन डब्ल्यूसीएल के सीएमडी पद के अतिरिक्त चार्ज पर बने रह सकते हैं।यहां बताना होगा कि डब्ल्यूसीएल की 52 भूमिगत एवं खुली खदान उत्पादन में है। 32 हजार के करीब अधिकारी, कर्मचारी यहां नियोजित हैं। ऐसे में सीएमडी पद के लिए विज्ञापन जारी करने के नौ माह बाद भी साक्षात्कार का आयोजन नहीं होना समझ से परे है।



