Vedant Samachar

जंगली सुअर का शिकार, घर से मांस और हथियार बरामद कटघोरा में 4 ग्रामीण गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,25 जनवरी (वेदांत समाचार) । कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल में जंगली सुअर के शिकार करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग की टीम ने ग्राम लीमपानी और ग्राम बारीउमराव से शिकारियों को अरेस्ट किया है। दरअसल, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लीमपानी निवासी एक व्यक्ति ने जंगली सुअर का शिकार किया है। इसके बाद एक टीम बनाई गई। टीम लीमपानी ​​​​​​​में एक ग्रामीण के घर पहुंची। पंचों की उपस्थिति में घर की तलाशी ली गई। इस दौरान लगभग 5 किलोग्राम जंगली सुअर का कच्चा मांस, दो पुराने जबड़े और तीन पैर बरामद किए गए। शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त किए गए, जिनमें दो कुल्हाड़ी, एक परसुल, दो हंसिया, सेट्रिंग तार के चार बंडल और लकड़ी का गुटका शामिल हैं।

फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार

पूछताछ में संदेही ने स्वीकार किया कि उसने पलमापहाड़ में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। फंदे में फंसने से सुअर की मौत हो गई थी। संदेही ने बताया कि उसने गांव के ही तीन अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर मौके पर ही सुअर को काटा और मांस आपस में बांट लिया।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

कुछ मांस पकाकर खा भी लिया गया था। वन विभाग ने साक्ष्य, बयान, पंचनामा और जब्त सामग्री के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धाराओं (9, 39, 44, 48(क), 51 और 52) के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 32/01 दर्ज किया गया। 24 जनवरी को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 6 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा भेज दिया है। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों को कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article