जांजगीर-चांपा, 24 जनवरी (वेदांत समाचार)। 37वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जांजगीर यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जांजगीर क्षेत्र स्थित डेस्टिनेशन स्कूल में स्कूली बच्चों के बीच रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने सड़क सुरक्षा की थीम पर आकर्षक और रचनात्मक रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यातायात निरीक्षक लालन पटेल एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा विद्यालय में यातायात जन-जागरूकता कार्यक्रम संपन्न कराया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों जैसे हेलमेट का उपयोग, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों का पालन और सुरक्षित सड़क पार करने जैसे संदेशों को रंगों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें सुरक्षित यातायात व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर यातायात पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी और बताया कि नियमों का पालन कर किस प्रकार दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को यातायात पुलिस द्वारा प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं यातायात पुलिस का स्टाफ उपस्थित रहा। यातायात पुलिस जांजगीर द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
