Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ : धार्मिक कथा स्थल के पास धान के पैरावट में लगी आग, दमकल की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

Vedant samachar
2 Min Read

दुर्ग, 21 जनवरी (वेदांत समाचार)। दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दनिया में धार्मिक कथा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथा स्थल के समीप रखे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखते ही ग्रामीणों और कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम बिना देरी किए मौके के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि पैरावट में लगी आग तेजी से फैलते हुए कथा स्थल के पंडाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए पानी के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। चार दमकल गाड़ियों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद पैरावट में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

दमकल विभाग की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, जिससे कथा स्थल सहित आसपास का क्षेत्र सुरक्षित रहा। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टलने पर ग्रामीणों और आयोजकों ने राहत की सांस ली।

Share This Article