सक्ती,16 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.), जिला सक्ती के निर्देशानुसार ज्वेलरी दुकानों एवं सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
बैठक में थाना प्रभारी सक्ती लखन पटेल, साइबर सेल प्रभारी अमित सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं सक्ती नगर एवं आसपास क्षेत्र के सर्राफा व्यापारी संघ के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में सर्राफा एसोसिएशन सक्ती के अध्यक्ष राजेश सराफ, सचिव आलोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश सराफ, विनोद अग्रवाल (MR), अनिल अग्रवाल (SV), अशोक सराफ, कालू सराफ, किशन देवांगन, सुनील सराफ, संदेश सराफ, सुमित सराफ एवं अमित सराफ उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सर्राफा प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना तथा चोरी, लूट, ठगी एवं साइबर अपराध जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल ने व्यापारियों को सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सर्राफा प्रतिष्ठान में दुकान के अंदर, बाहर एवं प्रवेश-निकास द्वार पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा कम से कम 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने दुकानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों, कारीगरों एवं सुरक्षा गार्डों का थाना स्तर पर पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराने को कहा और बिना सत्यापन किसी को भी कार्य पर न रखने की हिदायत दी।
लेन-देन को लेकर निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बड़े लेन-देन नगद के बजाय बैंकिंग माध्यमों जैसे चेक, आरटीजीएस एवं एनईएफटी से किए जाएं तथा लेन-देन का पूरा पारदर्शी रिकॉर्ड संधारित किया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा के अन्य उपायों के तहत प्रतिष्ठानों में मजबूत ताले, अलार्म सिस्टम, अग्नि सुरक्षा उपकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं रात्रि समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
साइबर सेल प्रभारी अमित सिंह ने व्यापारियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा न करने तथा डिजिटल भुगतान से जुड़ी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर सेल या नजदीकी थाना में सूचना देने की अपील की गई।
अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल ने कहा कि सर्राफा व्यापार अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में आता है, इसलिए व्यापारियों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना चाहिए। सुरक्षा मानकों के पालन से अपराधों में कमी आएगी और व्यापारियों व ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
थाना प्रभारी लखन पटेल ने सर्राफा व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने एवं सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।



