Vedant Samachar

ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो 800 ग्राम गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 15 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तेलीबांधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 किलो 800 ग्राम गांजा के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में रायपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, खरीदी-बिक्री एवं अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, ए.सी.सी.यू. एवं थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र मजबूत कर सूचना संकलन के निर्देश दिए गए हैं।

इसी कड़ी में 15 जनवरी 2026 को थाना तेलीबांधा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर के पास एक महिला गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक की तलाश कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये की महिला को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम रेशमा नागरिया, निवासी तेलीबांधा, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 3 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त किया।

इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 19/2026 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेशमा नागरिया पति उमित नागरिया, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुभाष नगर देवार पारा, थाना तेलीबांधा, जिला रायपुर के रूप में हुई है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article