Vedant Samachar

धान उठाव और मिलिंग में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, कलेक्टर ने राइस मिलर्स को दिए सख्त निर्देश

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 15 जनवरी। जिले में धान खरीदी कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है, ऐसे में धान उठाव, परिवहन और मिलिंग प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राइस मिलर्स की बैठक लेकर शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि धान उठाव, मिलिंग सहित समस्त प्रक्रियाएं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण चरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित राइस मिलर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि शासन द्वारा निर्धारित सभी प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है।

कलेक्टर ने धान परिवहन में लगे वाहनों की आवाजाही, लोडिंग और मिलिंग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि धान परिवहन में संलग्न प्रत्येक वाहन के आगे और पीछे लगे नंबर प्लेट की फोटो अनिवार्य रूप से ली जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त की जा सके। इसके साथ ही वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही लोडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिना कारण लंबे समय तक वाहनों को रोके जाने या अनावश्यक विलंब की स्थिति में कार्रवाई के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।

बैठक में “सतर्क एप” के माध्यम से प्राप्त होने वाले अलर्ट्स पर विशेष ध्यान देने और समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान उठाव और मिलिंग कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पर प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी रहे।

बैठक में जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू, जिला विपणन अधिकारी रमेश लहरे, सीसीबी नोडल अमित साहू सहित जिले के सभी राइस मिलर्स उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी, परिवहन और मिलिंग कार्य में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article