अक्सर सोशल मीडिया और फिटनेस से जुड़े प्लेटफॉर्म्स पर वजन घटाने और शरीर को डिटॉक्स करने के लिए ग्रीन टी पीने की सलाह दी जाती है। इसके एंटीऑक्सिडेंट गुणों के कारण इसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद बताया जाता है। यही वजह है कि आजकल कई लोग दिन में कई बार ग्रीन टी का सेवन करने लगे हैं। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि ग्रीन टी हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होती, बल्कि कुछ लोगों के लिए यह नुकसानदायक भी साबित हो सकती है।
ग्रीन टी में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट और पॉलीफेनॉल शरीर पर अलग-अलग तरह से असर डालते हैं। जहां कुछ लोगों को इससे एनर्जी और ताजगी महसूस होती है, वहीं कुछ लोगों में इसके सेवन से सिरदर्द, बेचैनी और हार्मोनल असंतुलन की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि किन लोगों को ग्रीन टी से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
माइग्रेन की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए ग्रीन टी परेशानी बढ़ा सकती है। कई मामलों में इसके सेवन से सिरदर्द तेज हो सकता है। यदि ग्रीन टी पीने के बाद माइग्रेन की समस्या बढ़ने लगे, तो इसका सेवन तुरंत बंद करना बेहतर माना जाता है।
एंग्जाइटी, घबराहट या पैनिक अटैक की समस्या वाले लोगों को भी ग्रीन टी सावधानी से पीनी चाहिए। इसमें मौजूद तत्व नर्वस सिस्टम को उत्तेजित कर सकते हैं, जिससे बेचैनी और तनाव बढ़ सकता है। ऐसे लोगों में ग्रीन टी से समस्या और गंभीर हो सकती है।
प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए अधिक मात्रा में ग्रीन टी का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान शरीर को पर्याप्त पोषक तत्वों की जरूरत होती है, लेकिन ज्यादा ग्रीन टी पीने से शरीर में एसिड और कुछ जरूरी तत्वों की मात्रा कम हो सकती है, जो गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए जरूरी होते हैं। इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना ग्रीन टी का सेवन नहीं करना चाहिए।
स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी ग्रीन टी पीते समय सतर्क रहने की जरूरत है। इसके सेवन से बच्चे में चिड़चिड़ापन, बेचैनी और नींद से जुड़ी समस्याएं देखी जा सकती हैं। ऐसे में ब्रेस्टफीडिंग के दौरान ग्रीन टी लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
अगर कोई व्यक्ति ग्रीन टी पीना चाहता है, तो दिन में एक कप से ज्यादा न पिए। खाली पेट ग्रीन टी पीने से बचें और रात के समय इसका सेवन न करें। यदि किसी भी तरह की परेशानी महसूस हो, तो तुरंत इसका सेवन बंद कर देना चाहिए।
कुल मिलाकर ग्रीन टी सेहत के लिए फायदेमंद जरूर है, लेकिन यह हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होती। माइग्रेन और एंग्जाइटी से परेशान लोग, प्रेग्नेंट और ब्रेस्टफीडिंग महिलाएं ग्रीन टी पीने से पहले विशेष सावधानी जरूर बरतें।



