रायगढ़,05 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले के तमनार आंदोलन के दौरान महिला आरक्षक के साथ मारपीट और घृणित बदसलूकी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही मामला है जिसने न सिर्फ छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश में आक्रोश पैदा किया था। आज पुलिस ने आरोपी को भारी सुरक्षा के बीच शहर में जुलूस निकालते हुए न्यायालय में पेश किया। 27 दिसंबर को तमनार क्षेत्र में चल रहे आंदोलन के दौरान एक महिला आरक्षक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार की घटना सामने आई थी।
इस गंभीर और शर्मनाक मामले में रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आज इस मामले के मुख्य आरोपी चित्रसेन साव, निवासी ग्राम झरना, तमनार ब्लॉक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को शहर में जुलूस के रूप में ले जाया गया, जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जुलूस के दौरान आक्रोशित महिला संगठनों ने आरोपी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोपी के मुंह पर कालिख पोती, जूतों की माला पहनाई और कड़ी नाराज़गी जाहिर की।
इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों में भी न्याय मिलने की भावना दिखाई दी। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि महिला सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अभी एक आरोपी फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपी को भी शीघ्र ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।यह मामला केवल रायगढ़ या छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला सुरक्षा को लेकर पूरे देश में चर्चा का विषय बना।आज की यह कार्रवाई कानून के प्रति भरोसे और महिलाओं के सम्मान की दिशा में एक सख़्त संदेश मानी जा रही है।



