Vedant Samachar

फराह खान के यूट्यूब शो में दिखे नितिन गडकरी, मंत्री के घर का अनोखा टूर और दिलीप की मजेदार फरमाइशें बनीं चर्चा का विषय

Vedant samachar
4 Min Read

नई दिल्ली। मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान इन दिनों अपने यूट्यूब चैनल को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। उनके शो के नए एपिसोड में इस बार खास मेहमान के तौर पर भारत के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी नजर आए। फराह अपने कुक दिलीप के साथ गडकरी के भव्य नई दिल्ली स्थित आवास पहुंचीं, जहां राजनीति, निजी जिंदगी और हल्के-फुल्के मजाक का दिलचस्प मेल देखने को मिला।

व्लॉग की शुरुआत राजधानी में फराह के रुकने की जगह, इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के पास स्थित एक होटल से होती है। यहां फराह यह बताती दिखीं कि वह दिल्ली क्यों आई हैं, लेकिन तभी कैमरा उनके कुक दिलीप पर चला जाता है, जो होटल के स्विमिंग पूल में बच्चों की तरह तैरते नजर आते हैं। यह दृश्य फराह को बिल्कुल पसंद नहीं आता और वह नाराजगी जताते हुए दिलीप से पूल से बाहर आने को कहती हैं। इस मजेदार नोकझोंक के बाद दोनों आखिरकार नितिन गडकरी के आवास पहुंचते हैं।

गडकरी के घर पहुंचते ही फराह पहली बार किसी राजनेता को अपने शो में लाने को लेकर थोड़ी नर्वस दिखाई देती हैं। मंत्री दोनों का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं और अपने कॉन्फ्रेंस रूम का टूर कराते हैं। यहां उन्होंने एक दिलचस्प प्रयोग दिखाया—कमरे की दीवारों पर सामान्य पेंट और गाय के गोबर से बने पेंट का इस्तेमाल। फराह और दिलीप से यह पहचानने को कहा गया कि कौन-सी दीवार पर कौन-सा पेंट है, लेकिन दोनों सही जवाब नहीं दे पाए। इस पर दिलीप ने मजाक में मंत्री से अपने लिए भी ऐसा पेंट देने की मांग कर डाली।

बातचीत के दौरान नितिन गडकरी ने अपने व्यस्त शेड्यूल और फिटनेस रूटीन के बारे में भी खुलकर बताया। उन्होंने कहा कि रात 9:30 बजे के बाद भी उनके अपॉइंटमेंट्स देर रात तक चलते हैं और सुबह 7 बजे उठकर वह करीब ढाई घंटे एक्सरसाइज करते हैं। उन्होंने अपने वजन घटाने की यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि कभी उनका वजन 135 किलो था, जो अब घटकर 89 किलो रह गया है।

इस पूरे एपिसोड में दिलीप की मासूम और बेबाक फरमाइशें लगातार माहौल को हल्का-फुल्का बनाती रहीं। वह बार-बार मंत्री से अपने गांव में सड़क बनवाने की गुजारिश करता नजर आया। इस पर गडकरी ने दिलीप से उसके गांव का नाम पूछा और कहा कि बिहार में पहले ही कई सड़कें बनाई जा चुकी हैं और आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।

इसके बाद फराह और दिलीप की मुलाकात नितिन गडकरी की पत्नी कंचन गडकरी से होती है। बातचीत में पता चलता है कि कंचन गडकरी कई एनजीओ चलाती हैं और एक बैंक की चेयरपर्सन भी हैं। यह सुनते ही दिलीप एक बार फिर अपनी आदत के मुताबिक बीच में बोल पड़ता है और उनसे लोन दिलाने की गुहार लगा देता है, जिस पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़ते हैं।

आखिर में सभी लोग किचन में डिनर की तैयारी के लिए जाते हैं और व्लॉग का समापन घरेलू और सहज माहौल में होता है। फराह खान का यह एपिसोड न सिर्फ नितिन गडकरी की सादगी और अनुशासन को दिखाता है, बल्कि दिलीप की मासूमियत और फराह की मस्ती के चलते दर्शकों के लिए खासा मनोरंजक भी साबित हुआ।

Share This Article