कोरबा, 03 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नए वर्ष की शुरुआत आकांक्षी विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के दूरस्थ एवं जिले के अंतिम छोर के गांवों से करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर बाहुल्य पीवीटीजी ग्राम गुडरुमुड़ा में ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गुडरुमुड़ा, पोड़ी उपरोड़ा, ऐतमानगर, गुरसिया, लैंगा और अंतिम छोर पर स्थित पसान तक पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र, बालिका आवासीय छात्रावास, एकलव्य आवासीय विद्यालय, धान खरीदी केंद्र, ऐतमानगर जलप्रदाय योजना, निर्माणाधीन वॉटर फीडर टैंक, पीएम जनमन सड़क, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्माणाधीन विद्यालय भवन और शिक्षकों के आवासीय भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पीवीटीजी ग्राम गुडरुमुड़ा में चौपाल के दौरान कलेक्टर ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना, राशन वितरण, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। राशन दुकान में खराब चावल मिलने की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। बिरहोर जनजाति की महिला रति बाई द्वारा पुत्री के उपचार की मांग पर कलेक्टर ने सोमवार को जिला अस्पताल भेजकर इलाज कराने के निर्देश दिए। पीएम जनमन आवासों में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम लगाने, घरों तक सर्विस वायर व मीटर लगाने, नेटवर्क समस्या दूर करने और सड़क पर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। पीएम जनमन सड़क का अधूरा कार्य 10 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहकर बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने और योजनाओं का पूरा लाभ लेने की अपील की।
पोड़ी उपरोड़ा में कस्तूरबा गांधी और एकलव्य आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर बेहतर परीक्षा परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सिलेबस समय पर पूरा कराने, विज्ञान विषय की अतिरिक्त कक्षाएं, नियमित टेस्ट, लेखन कौशल सुधार और प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए। बेहतर परिणाम पर विद्यार्थियों को इसरो भ्रमण कराने की बात भी कही। निरीक्षण के दौरान कक्षा दसवीं के छात्र कुणाल ने छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित पेंटिंग भेंट की।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीएचसी पोड़ी उपरोड़ा और पीएचसी पसान में पंजीयन, लैब, प्रसव कक्ष, वार्ड, एक्स-रे, टीबी, एनसीडी, वैक्सीन, दवा वितरण और स्टोर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के समय पर संस्थागत प्रसव, टीबी संभावित मरीजों की पहचान कर एक्स-रे, एनसीडी के तहत शुगर-हाइपरटेंशन की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग, जननी सुरक्षा योजना का समय पर भुगतान और पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों को मेनू अनुसार आहार देने के निर्देश दिए। सीएचसी के सामने निर्माणाधीन प्री-बर्थ वेटिंग कक्ष को एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
पीएम जनमन अंतर्गत पीवीटीजी बाहुल्य गांवों को जोड़ने वाली सड़कों के निरीक्षण में कलेक्टर ने गुरसिया-अंबिकापुर मुख्य मार्ग से बहरीझरिया तक लगभग 15 किलोमीटर सड़क 30 मार्च तक तथा लैंगा से सेमरा-सैला-जिल्दा तक 14.30 किलोमीटर सड़क समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पसान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के अतिरिक्त भवन को अप्रैल तक पूरा करने और जर्जर पुराने भवन को डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए गए।
आमाखोखरा गांव के आंगनबाड़ी केंद्र निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से संवाद कर उनकी प्रारंभिक शिक्षा की जानकारी ली और बेहतर उत्तर देने पर शाबाशी दी। उन्होंने पोषण ट्रैकर, ग्रोथ चार्ट, पूरक पोषण आहार और मातृत्व योजनाओं की भी समीक्षा की।
ऐतमानगर में जल जीवन मिशन अंतर्गत 28.5 एमएलडी क्षमता की जलप्रदाय योजना के निरीक्षण में निर्माण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और मैनपावर बढ़ाकर गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। पीएचई विभाग ने बताया कि इस योजना से पोड़ी उपरोड़ा और पाली विकासखंड के लगभग 245 गांव लाभान्वित होंगे।
धान खरीदी केंद्र पोड़ी उपरोड़ा के निरीक्षण में कलेक्टर ने बारदाना, टोकन, स्टैकिंग और उठाव व्यवस्था की समीक्षा कर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके निर्देश दिए। गुरसिया व्यपवर्तन योजना के तहत फीडर टैंक, वियर और नहरों के निरीक्षण में कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।



