Vedant Samachar

बस्तर रेंज में बड़ा नक्सल विरोधी अभियान, मुठभेड़ में 14 माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Vedant samachar
2 Min Read

बस्तर, 03 जनवरी (वेदांत समाचार)। बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार 2 जनवरी 2026 को चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ों में कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें बीजापुर जिले से 2 और सुकमा जिले से 12 माओवादी शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। अभियान के तहत दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी की टीमें रवाना की गई थीं।

ऑपरेशन के दौरान बीजापुर जिले में सुबह करीब 5 बजे से डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी रही। वहीं सुकमा जिले में भी सुबह लगभग 8 बजे से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग की स्थिति बनी हुई है।

अब तक मुठभेड़ स्थलों से कुल 14 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए हैं, जिनमें एके-47, इंसास और एसएलआर राइफलें शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ के सटीक स्थान, ऑपरेशन में शामिल सुरक्षा बलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा रही हैं, ताकि ऑपरेशन में लगे जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी और अंतिम परिणाम अलग से जारी किए जाएंगे।

Share This Article