कोरिया, 02 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के चरचा कालरी स्थित एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अस्पताल में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जल प्रबंधन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। अस्पताल परिसर में 15 केएलडी (किलो लीटर प्रतिदिन) क्षमता वाले आधुनिक अपशिष्ट उपचार संयंत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक, बैकुंठपुर क्षेत्रबी.एन. झा, द्वारा किया गया।
लगभग 50 वर्ष पूर्व स्थापित क्षेत्रीय चिकित्सालय, चरचा में पहली बार वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को लागू किया गया है। लगभग 30 लाख रुपये की लागत से स्थापित यह संयंत्र अस्पताल से निकलने वाले दूषित जल एवं अन्य अपशिष्ट का विभिन्न चरणों में उपचार कर पुनः उपयोग योग्य जल उपलब्ध कराएगा। इस उपचारित जल का उपयोग अस्पताल परिसर के रख-रखाव, उद्यानों तथा हरित क्षेत्रों में किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि चर्चा क्षेत्र में खदान से प्रतिदिन निकलने वाले दूषित जल के उपचार हेतु एसिडिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा नालियों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के उपचार हेतु सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पहले से संचालित हैं। नया अपशिष्ट उपचार संयंत्र इन व्यवस्थाओं के साथ मिलकर क्षेत्र में समग्र एवं प्रभावी जल प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
इस संयंत्र से निकलने वाले ठोस अपशिष्ट का उपयोग खाद (कम्पोस्ट) के रूप में किया जाएगा। किसी भी अनुपयोगी अपशिष्ट का निस्तारण निर्धारित पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं सुरक्षित विधि से किया जाएगा।



