जांजगीर-चांपा, 01 जनवरी (वेदांत समाचार)। नववर्ष की शुरुआत में ही जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने गांजा बिक्री के लिए परिवहन कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा, नगद राशि तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 31 दिसंबर 2025 को नववर्ष के मद्देनज़र शिवरीनारायण पुल चौक मेन रोड पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से पिट्ठू बैग में अवैध गांजा रखकर शिवरीनारायण की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने तत्परता से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास रखे पिट्ठू बैग से 2 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से 7,100 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 70,100 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रघुनंदन कश्यप पिता हीरामणी कश्यप उम्र 40 वर्ष एवं संजय कुमार रोहिदास पिता गणेश राम उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी सलखन थाना शिवरीनारायण जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र शुक्ला, आरक्षक नितिन द्विवेदी, बलराम यादव एवं शेषनारायण साहू का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



