बिलासपुर, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘चेतना’ के तहत नववर्ष से ठीक पहले आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कीमती मोबाइल फोन को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 100 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण व एसीसीयू) अनुज कुमार के मार्गदर्शन में एसीसीयू (साइबर सेल) बिलासपुर तथा जिले के समस्त थाना स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर माध्यमों का उपयोग करते हुए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा एवं महाराष्ट्र से भी गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए।
दिनांक 31 दिसंबर 2025 को आयोजित कार्यक्रम में सभी 100 मोबाइल फोन उनके धारकों को वापस किए गए। जिन लोगों ने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उन्हें जब उनका फोन वापस मिला तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। नागरिकों ने बिलासपुर पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि ‘चेतना’ अभियान के माध्यम से आगे भी गुमशुदा मोबाइलों की तलाश जारी रहेगी, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। नववर्ष के अवसर पर मोबाइल वापसी की यह पहल आमजन के लिए एक सकारात्मक और भरोसेमंद संदेश के रूप में सामने आई है।



