Vedant Samachar

Bilaspur News: ट्रक में लोड 25 टन चावल लेकर फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार, तखतपुर पुलिस ने भेजा जेल

Vedant samachar
3 Min Read
Oplus_16908288

बिलासपुर, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। थाना तखतपुर पुलिस ने 25 टन चावल से भरे ट्रक को गबन कर बिहार भागे आरोपी को बिहार के हाजीपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 नवंबर 2024 को सत्यम रोड लाइंस रायपुर ट्रांसपोर्ट के संचालक बृजेश कुमार सिंह ने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि नवरंग राइस मिल तखतपुर से ट्रक क्रमांक BR-01-GM-7496 में 25 टन चावल लोड कर चालक अमरनाथ चौधरी को बिहार के गडहनी, आरा स्थित डिस्टिलरीज एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड यूनिट-3 के लिए रवाना किया गया था। लेकिन ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा और चालक द्वारा चावल को गबन कर लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तखतपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रक को सुरत्जा पेट्रोल पंप, चक सिकंदर (बिहार) से पहले ही जप्त कर लिया गया था, लेकिन आरोपी चालक अमरनाथ चौधरी फरार हो गया था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तखतपुर पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और टावर लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस टीम बिहार के हाजीपुर पहुंची, जहां से आरोपी अमरनाथ चौधरी पिता स्वर्गीय जोगेंद्र चौधरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम धंधुआ बिचलाटोला, चौकी बहसी, थाना जंदाहा, जिला वैशाली (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने मेमोरण्डम बयान में स्वीकार किया कि उसने 25 टन चावल बिहार के किसी दुकान में करीब 6 लाख रुपये में बेच दिया था। उसने बताया कि बिक्री से प्राप्त 5 लाख 99 हजार रुपये अपनी बेटी की शादी में खर्च कर दिए और केवल 1000 रुपये शेष बचे हैं।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तखतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से चावल गबन के मामले में बड़ी सफलता मिली है और फरार आरोपी को पकड़ने में पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच की अहम भूमिका रही।

Share This Article