नई दिल्ली। भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने जा रहा है। रेलवे ने घोषणा की है कि 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक RailOne ऐप के जरिए अनारक्षित टिकटों की खरीद पर 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह छूट किसी भी डिजिटल भुगतान माध्यम से टिकट बुक करने पर लागू होगी।
वर्तमान व्यवस्था के तहत RailOne ऐप पर केवल R-वॉलेट से भुगतान करने पर 3 प्रतिशत कैशबैक मिलता है। लेकिन नए निर्णय के बाद यात्रियों को सभी डिजिटल भुगतान विकल्पों—जैसे यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड आदि—से भुगतान करने पर सीधे 3 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि R-वॉलेट पर मिलने वाला मौजूदा 3 प्रतिशत कैशबैक पहले की तरह जारी रहेगा।
रेलवे मंत्रालय ने 30 दिसंबर 2026 को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) को भेजे पत्र में इस छूट को लागू करने के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से RailOne ऐप पर अनारक्षित टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग पर यह छूट दी जाएगी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि यह प्रस्ताव 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगा और CRIS मई माह में इस योजना पर आगे की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
रेलवे अधिकारियों ने साफ किया है कि यह सुविधा केवल RailOne ऐप तक सीमित रहेगी। अनारक्षित टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर यह छूट लागू नहीं होगी। अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग की ओर आकर्षित करना है, ताकि काउंटर पर भीड़ कम हो और टिकट प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके।
इसी बीच रेल मंत्रालय ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एक और बड़ा संकेत दिया है। मंत्रालय का कहना है कि यात्रियों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए अगले पांच वर्षों में प्रमुख शहरों से चलने वाली ट्रेनों की शुरुआती क्षमता को दोगुना करना जरूरी है। इसके लिए मौजूदा रेलवे ढांचे को और मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है।
2030 तक आगमन और प्रस्थान क्षमता को दोगुना करने के लक्ष्य के तहत रेलवे मौजूदा टर्मिनलों का विस्तार करेगा, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, शहरी क्षेत्रों में नए टर्मिनलों की पहचान और निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स, रखरखाव सुविधाओं का विकास और ट्रैफिक सुविधा से जुड़े कार्यों के जरिए सेक्शनल क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।
RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने की प्रक्रिया भी काफी आसान है। यात्रियों को सबसे पहले RailOne ऐप डाउनलोड कर IRCTC या UTS आईडी से लॉगिन करना होगा। इसके बाद होम स्क्रीन पर अनारक्षित टिकट विकल्प चुनकर यात्रा का स्टेशन, टिकट का प्रकार और श्रेणी भरनी होगी। भुगतान के बाद टिकट एक क्यूआर कोड के साथ ऐप में सेव हो जाएगा, जिसे यात्रा के दौरान टिकट चेकर को दिखाया जा सकता है।
रेलवे का यह कदम न केवल यात्रियों को आर्थिक लाभ देगा, बल्कि देश में डिजिटल भुगतान और स्मार्ट टिकटिंग व्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।



