Vedant Samachar

निजी स्कूलों में किताब और गणवेश बिक्री पर कलेक्टर की सख्ती, विद्यार्थियों को बाध्य करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read

रायगढ़, 15 दिसंबर 2025। जिले के निजी विद्यालयों द्वारा पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश की बिक्री तथा विद्यार्थियों व अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी निजी विद्यालय परिसर में पाठ्य पुस्तकों अथवा गणवेश का विक्रय नहीं किया जाएगा और न ही विद्यार्थियों या उनके अभिभावकों को किसी निर्धारित दुकान से खरीदारी के लिए मजबूर किया जाएगा।

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी. राव ने जानकारी दी कि जिला मुख्यालय रायगढ़ में संचालित कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल एवं विद्या विकास कॉन्सेप्ट स्कूल के प्राचार्यों को आगामी शैक्षणिक सत्र से अनिवार्य रूप से एनसीईआरटी एवं एससीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों से ही अध्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करना और शिक्षा में एकरूपता सुनिश्चित करना है।

प्रशासन द्वारा सभी संबंधित निजी विद्यालयों को यह भी स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि विद्यालय प्रांगण में किसी भी प्रकार की पाठ्य पुस्तक अथवा गणवेश की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही किसी भी विद्यार्थी या अभिभावक को किसी विशेष दुकान से किताबें या गणवेश खरीदने के लिए विवश नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि इस प्रकार की कोई भी शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित निजी विद्यालय की मान्यता समाप्त करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article