कोरबा,15 दिसंबर (वेदांत समाचार) ।कोरबा जिले के सभी विकासखंडों में स्थापित कुल 21 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
विद्यालय के प्राचार्य पी. आर. शंकरी
ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6 की 80 सीटों हेतु कुल 6,133 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 4,442 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं अन्य स्टाफ की तैनाती की गई थी।
परीक्षा निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे प्रारंभ हुई और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल या अव्यवस्था की कोई शिकायत सामने नहीं आई।
परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। परीक्षा समाप्ति के बाद परीक्षार्थी संतोषजनक और शांत वातावरण में अपने-अपने परीक्षा केंद्रों से रवाना हुए।



