कोरबा, 07 दिसंबर। बालको टाउनशिप अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव समारोह बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के तौर पर वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद सत्येंद्र दुबे तथा बालको के महाप्रबंधक कुशाग्र कुमार शामिल हुए।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चन्द्रमणि यादव, सचिव रविन्द्र यादव, सहसचिव मिनेश्वर पेगु, कोषाध्यक्ष महेन्द्र चन्द्रा, सदस्य रामगोविन्द बरेठ, मनेन्द्र कुर्रे, सीमा डहरिया, विमला मार्को तथा विद्यालय की प्राचार्या नीलम सिंह भी उपस्थित रहीं।
समारोह की शुरुआत बच्चों द्वारा अतिथियों का तिलक व स्वागत कर की गई। तत्पश्चात् दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। मंच पर उपस्थित अतिथियों का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
इसके बाद छात्रों ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। प्राचार्या नीलम सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शैक्षणिक सत्र 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक व नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित पालकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चन्द्रमणि यादव ने विद्यालय की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को खेल पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि संजू देवी सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में शिक्षा, अनुशासन और खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला।
अंत में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ वार्षिकोत्सव समारोह का समापन किया गया।



