Vedant Samachar

ईरान संकट के बीच पश्चिम एशिया रवाना हुआ अमेरिकी युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन

Vedant Samachar
3 Min Read

वाशिंगटन/नई दिल्ली ,15 जनवरी । ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों और बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की बड़ी सैन्य तैयारी सामने आई है। अमेरिका ने अपने शक्तिशाली युद्धपोत यूएसएस अब्राहम लिंकन को दक्षिण चीन सागर से पश्चिम एशिया की ओर रवाना कर दिया है। यह दावा न्यूज नेशन की व्हाइट हाउस संवाददाता केली मेयर ने सूत्रों के हवाले से किया है।

व्हाइट हाउस की पत्रकार का दावा
केली मेयर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी कि ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य हार्डवेयर पश्चिम एशिया की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने लिखा कि एक सूत्र के अनुसार, यूएसएस अब्राहम लिंकन को दक्षिण चीन सागर से पश्चिम एशिया भेजा गया है और वहां पहुंचने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।

अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर
यह घटनाक्रम ऐसे वक्त पर हुआ है, जब पश्चिम एशिया में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच टकराव लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। ईरान में आर्थिक संकट के चलते बीते कई दिनों से बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में अब तक 2600 से अधिक लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में प्रदर्शन कर रहे लोगों का समर्थन करते हुए मदद भेजने की बात कही है। वहीं ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह जून जैसी कोई “गलती” दोबारा न दोहराए। साथ ही ईरान ने यह भी कहा है कि वह बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाना चाहता है, जबकि अमेरिका हमेशा बातचीत से बचता रहा है।

कितना ताकतवर है यूएसएस अब्राहम लिंकन
यूएसएस अब्राहम लिंकन अमेरिकी नौसेना का निमित्ज श्रेणी का पांचवां परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत है। इसे साल 1989 में अमेरिकी नौसेना में शामिल किया गया था।

यह करीब 97 हजार टन वजनी युद्धपोत है, जिसकी लंबाई लगभग 1092 फीट है। इसकी फ्लाइट डेक करीब 4.5 एकड़ में फैली हुई है और इसमें चार हैंगर एलीवेटर मौजूद हैं। यह युद्धपोत अपने साथ करीब 90 लड़ाकू विमान ले जाने में सक्षम है। इसकी डेक पर अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-35सी लड़ाकू विमान तैनात हैं। युद्धपोत पर पांच हजार से ज्यादा नौसैनिक, मरीन और क्रू सदस्य रहते हैं। यूएसएस अब्राहम लिंकन को दुनिया के सबसे बड़े और ताकतवर युद्धपोतों में गिना जाता है। खास बात यह है कि यह युद्धपोत इतना विशाल है कि इसमें अपना अलग जिप कोड, टीवी और रेडियो स्टेशन, अखबार, अग्निशमन केंद्र, लाइब्रेरी, अस्पताल और जनरल स्टोर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

Share This Article