मुंबई : अक्षय कुमार करियर की शुरुआत से ही खुद को फिल्मों की शूटिंग में बिजी रखा करते थे. अब भी हर साल सुपरस्टार की 4-5 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देती हैं. हालांकि कई बार ऐसा भी हुआ है कि खिलाड़ी कुमार को शूटिंग के बाद फिल्म छोड़नी पड़ी है. दरअसल 20 साल पहले अक्षय ने एक फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी थी. फिल्म का एक गाना भी शूट कर लिया गया था. लेकिन फिर उनकी जिंदगी में ऐसा बवंडर आया कि उन्हें पिक्चर बीच में छोड़नी पड़ी और अक्की के आउट होते ही बॉबी देओल की एंट्री हो गई.
जिस पिक्चर की हम बात कर रहे हैं वो कोई और नहीं बल्कि साल 2005 में रिलीज हुई ‘बरसात’ थी. इस फिल्म के लिए मेकर्स की पहली पसंद अक्षय कुमार थे. वहीं प्रियंका चोपड़ा बरसात की लीड हीरोइन थीं. अक्षय और प्रियंका ने इस फिल्म से पहले भी साथ में कई फिल्मों में काम किया था, दोनों की जोड़ी हिट थी और दर्शकों को इन्हें साथ देखना भी काफी पसंद आ रहा था. लेकिन अचानक अक्की को इस फिल्म को छोड़ना पड़ा. उन्होंने डायरेक्टर के सामने शर्त रखी कि या तो वो प्रियंका को रिप्लेस कर दें या फिर उन्हें इसे छोड़ना होगा.
अक्षय की शादीशुदा जिंदगी में आई थी परेशानी
दरअसल उन दिनों प्रियंका चोपड़ा और अक्षय कुमार की नजदीकियों के किस्से काफी सुर्खियों में थे. दोनों के अफेयर तक की चर्चा थीं. कहा जा रहा था कि शादीशुदा होने के बाद भी अक्षय की प्रियंका के साथ नजदीकियां बढ़ने लगी थीं. जब इस बात की भनक पत्नी ट्विंकल खन्ना को लगी, तो अक्षय की निजी जिंदगी में भूचाल ही आ गया. ट्विंकल इन खबरों से इस कदर नाराज हो गई थीं कि उन्होंने घर तक छोड़ दिया था.
घर में चल रही टेंशन का असर अक्षय कुमार के काम पर भी पड़ने लगा था. फिल्म के डायरेक्टर सुनील दर्शन ने खुद बताया था कि उन्होंने अक्षय और प्रियंका के साथ फिल्म का टाइटल ट्रैक शूट कर लिया था. लेकिन जब डायरेक्टर ने प्रियंका को रिप्लेस करने पर सहमति नहीं जताई तो अक्षय ने खुद इस फिल्म को छोड़ने का फैसला किया. अपने घर में शांति बनाए रखने के लिए अक्षय ने इस फिल्म से खुद को दूर करना ही बेहतर समझा.
अक्षय OUT, तो बॉबी देओल हुए IN
वहीं अक्षय कुमार के बाहर होते ही ये ‘बरसात’ बॉबी देओल की झोली में जा गिरी थी. मेकर्स को अक्षय-प्रियंका के साथ शूट हो चुके गाने को फिर से बॉबी और प्रियंका के साथ शूट करना पड़ा. प्रियंका को उस वक्त फिल्मों में आए कुछ ही साल हुए थे. लेकिन उन्होंने अपनी अदाकारी से सभी का दिल जीत लिया था. बॉबी के साथ उनकी जोड़ी को भी खूब पसंद किया गया था. फिल्म में बिपाशा बसु भी अहम किरदार में थी. 10 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ‘बरसात’ ने बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ का कलेक्शन किया था. फिल्म को दर्शकों से खूब तारीफ भी मिली थी.



