भुवनेश्वर,16जुलाई। बालासोर में यौन उत्पीड़न से परेशान होकर आत्मदाह करने वाली छात्रा की मौत के बाद ओडिशा में बवाल मचा हुआ है। छात्रा की मौत के विरोध में राज्य में जगह-जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। बुधवार को राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजद ने बालासोर बंद का आह्वान करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज व पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई बीजद कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
वहीं पुलिस के साथ हुई झड़प में दो पूर्व मंत्रियों सहित बीजद के कई कार्यकर्ता और नेता घायल हो गए। बालासोर स्थित फकीर मोहन स्वायत्तशासी महाविद्यालय में प्रोफेसर के यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर आत्मदाह करने वाली छात्रा का सोमवार देर रात को निधन हो गया था। छात्रा की मौत के बाद बीजू जनता दल ने सड़क पर उतरकर ओडिशा सरकार के विरोध में बालासोर बंद का आह्वान किया। बीजद कार्यकर्ताओं ने बालासोर में सड़कों पर टायर जलाए। भुवनेश्वर में बीजद कार्यकर्ता जब राज्य सचिवालय लोक सेवा भवन की ओर मार्च लेकर जा रहे थे तो लोअर पीएमजी स्क्वायर के पास बैरिकेड लगे देख उनका आक्रोश बढ़ गया।
कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ दिया और पुलिस कर्मियों के साथ उनकी झड़प हो गई। पुलिस ने कहा कि बीजद कार्यकर्ताओं को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें आंदोलन स्थल से ले जाया गया। घायल लोगों में पूर्व मंत्री प्रणब प्रकाश दास और प्रीति रंजन घराई भी शामिल हैं। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि घराई को पहले यहां कैपिटल अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें भुवनेश्वर के उत्कल अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दास को एक निजी अस्पताल ले जाया गया।



