Vedant Samachar

कोरबा: चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी भर्ती अनियमितता मामले में प्रशासन सख्त, 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 12 सितम्बर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के आकांक्षी ब्लॉक पोंड़ी उपरोड़ा अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) श्रीमती रेणु प्रकाश ने 3 सदस्यीय जिला स्तरीय जांच समिति गठित की है।

जांच कमेटी के सदस्य हैं गजेन्द्र देव सिंह (जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी कोरबा), श्रीमती कीर्ति कुरियन जैन (परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, बरपाली), और लक्ष्मीकांत यादव (सहायक ग्रेड-02, कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी-महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला-कोरबा)।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेणु प्रकाश ने जांच टीम को 3 दिन के अंदर जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है। यह जांच प्रतिवेदन उनके समक्ष पेश किया जाएगा।

चोटिया परियोजना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के 76 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन 2 वर्ष पूर्व जारी किया गया था। लेकिन भर्ती प्रक्रिया अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूजा दुबे ने प्रभारी परियोजना अधिकारी मनोज अग्रवाल पर भर्ती में अनियमितता और अभ्यर्थियों से वसूली का आरोप लगाया है।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगामी कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर को सौंपा जाएगा। डीपीओ श्रीमती रेणु प्रकाश ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई है और जांच प्रतिवेदन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article