जांजगीर 02 जुलाई 2025(वेदांत समाचार)- अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा से जून माह में अधीक्षण अभियंता विरेंद्र सिंह, मुख्य सुरक्षा सैनिक कन्हैया लाल चंद्रा और वरिष्ठ पर्यवेक्षक कुसवा राम यादव सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को पॉवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एसडी द्विवेदी, एन. लकरा एवं एके. शाह द्वारा उनके कार्यों की सराहना करते हुए पॉवर कंपनी की ओर से आभार जताया गया। विशिष्ट अतिथियों के हाथों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिह्न व सेवा प्रमाण-पत्र भेंट किया गया।
इसके साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ व सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। विरेंद्र सिंह ने विद्युत मंडल एवं पॉवर कंपनी में 42 वर्ष 7 माह व 8 दिन की लंबी सेवाएं दी हैं। उनकी प्रथम नियुक्ति केटीपीएस कोरबा पूर्व में 24 नवंबर 1982 को टेक्निकल अप्रेटिंस के तौर पर हुई थी। कन्हैया लाल चंद्रा ने विद्युत मंडल एवं पॉवर कंपनी में 38 वर्ष 2 माह व 19 दिन की सेवाएं दी हैं। उनकी प्रथम नियुक्ति वितरण केंद्र महासमुंद में 13 अप्रैल 1987 को सुरक्षा सैनिक के पद पर हुई थी। जबकि कुसवा राम यादव ने विद्युत मंडल एवं पॉवर कंपनी में 40 वर्ष 2 माह की सेवाएं दी हैं। उनकी प्रथम नियुक्ति 30 अप्रैल 1985 को संयंत्र परिचारक श्रेणी-तीन के पद पर कोरबा में हुई थी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अपने दीर्घ कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए कल्याण अधिकारी आरएस. टेकाम द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय का उल्लेख किया गया। स्टाफ ऑफिसर अजय साहू ने सेवानिवृत्तों के सम्मान में कविता पाठ किया। कार्यक्रम में रामनारायण राठौर एवं विजय कुमार मिश्रा का विशेष सहयोग रहा।



