बिलासपुर,05सितम्बर (वेदांत समाचार) : बिलासपुर जिले के हिरीं थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक चालक शिवकुमार साहू पिकअप क्रमांक CG 07 CH 5096 में खीरा लोड कर कुरूद, धमतरी से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे भोजपुरी टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए.
पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंस गया। राहगीरों की मदद से चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से तत्काल बिल्हा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है और पिकअप को थाने में खड़ा कराया गया है। वहीं हिरीं थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1)-BNS और 281-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



