छात्र-छात्राओं ने दिखाया जोश, शिक्षा के साथ फिटनेस पर भी जोर – प्राचार्य चंद्र मोहन पांडेय ने दी हरी झंडी
कोरबा,12अक्टूबर (वेदांत समाचार)। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एसईसीएल कुसमुंडा में आज “रन फॉर डी.ए.वी.” मैराथन दौड़ का शानदार आयोजन किया गया। इस आयोजन में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के कुल 90 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य चंद्र मोहन पांडेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। नियमित व्यायाम और दौड़ से शरीर में स्फूर्ति आती है तथा मनोबल बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, नियमितता और स्वास्थ्य के महत्व को अपनाने का संदेश दिया।
मैराथन प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में कुमारी नेहा साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी निकिता सराफ द्वितीय और कुमारी किरण जनपथ तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं बालक वर्ग में अनिश मिंज ने प्रथम स्थान हासिल किया, हर्ष झलरिया ने द्वितीय और कार्तिक चतुर्वेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को विद्यालय प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकगणों ने भी प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। आयोजन में खेल प्रभारी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल द्वारा इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, खेलों के प्रति रुचि विकसित करना और “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है” इस संदेश को प्रसारित करना रहा। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के खेलकूद और सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाएगा।



