Vedant Samachar

दिल्ली में तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा, कालकाजी में पेड़ गिरने से युवक की मौत… महिला नीचे दबी

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली,14अगस्त : दिल्ली में गुरुवार को तेज बारिश ने कहर ढा दिया। कालकाजी इलाके में बारिश के दौरान एक 100 साल पुराना नीम का पेड़ गिर गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पेड़ गिरने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो काफी डरावना है।

कैसे हुआ हादसा?
बारिश के दौरान कालकाजी के हंसराज सेठी मार्ग पर अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में एक कार और एक बाइक आ गई। बाइक पर पीछे बैठी महिला पेड़ के नीचे दब गई। कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। महिला को स्थानीय लोगों ने बचाया, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं। JCB मशीन की मदद से पेड़ हटाया गया।

सड़क पर पानी भरा हुआ था और लोग रेनकोट व छाते के साथ बारिश में चल रहे थे। अचानक तेज़ आवाज के साथ पेड़ गिरा और महिला पेड़ के नीचे दब गई। वीडियो में लोग दौड़ते हुए आए और महिला को निकालने की कोशिश करते दिखे। बाद में कुछ लोगों की मदद से महिला को बचाया गया।

हादसे पर सियासी बवाल
आप नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने इस घटना को लेकर PWD मंत्री प्रवेश वर्मा का इस्तीफा मांगा है। आतिशी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक पत्र लिखते हुए कहा, “हंसराज सेठी मार्ग पर पेड़ गिरने से एक युवक की जान चली गई और एक लड़की की जान खतरे में है। यह भाजपा सरकार की नाकामी का नतीजा है। PWD मंत्री प्रवेश वर्मा को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।”

बारिश से बिगड़े हालात
दिल्ली-NCR में पूरे दिन तेज़ बारिश होती रही। ITO, मथुरा रोड, रिंग रोड, नोएडा-गुरुग्राम लिंक रोड जैसी जगहों पर भारी जलभराव हो गया। कई निचले इलाकों में पानी भरने से ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Share This Article