Vedant Samachar

NCR में कोहरे का कहर, 6 लेन एक्सप्रेसवे पर टकराईं 6 गाड़ियां, कई लोग जख्मी…

Vedant Samachar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश,13 दिसंबर : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर घने कोहरे के कारण शनिवारको बड़ा सड़क हादसा हो गया। खराब दृश्यता के चलते एक के बाद एक आधा दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना बंबावड़ बादलपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई कार और ट्रक आपस में टकराए हुए नजर आ रहे हैं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाते दिखाई दिए।

पुलिस के अनुसार, घना कोहरा होने के कारण वाहन चालकों को आगे का रास्ता दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे में घायल एक चालक ने बताया कि कोहरे के कारण उसकी गाड़ी सामने खड़े वाहन से टकरा गई, जिसके बाद पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी आपस में भिड़ते चले गए।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, हवाओं की गति कम रहने से कोहरे का असर बना रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिन भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर जारी है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और बठिंडा सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है।

Share This Article