Vedant Samachar

तिल्दा नेवरा में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार से वाहन चलाना युवक को पड़ा भारी, कोर्ट ने 5 हजार रुपये का लगाया जुर्माना

Vedant samachar
1 Min Read

तिल्दा नेवरा, रायपुर, 11 दिसंबर (वेदांत समाचार)। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने तिल्दा नेवरा थाना पुलिस लगातार प्रमुख सड़कों पर मोटर व्हीकल चेकिंग अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज रफ्तार में बाइक चलाने वाले एक युवक पर कार्रवाई की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बाइक क्रमांक CG 04 LT 7863 को रोककर जांच की। बाइक में अवैध रूप से मॉडिफाई साइलेंसर लगाया गया था, जिससे तेज आवाज और रफ्तार के कारण आम नागरिकों को असुविधा हो रही थी।

पुलिस ने चालक को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हुए उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(क)(4) के तहत कार्रवाई की। वाहन को जप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

मामले की सुनवाई के दौरान माननीय न्यायालय तिल्दा नेवरा ने वाहन स्वामी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया तथा बाइक में लगे मॉडिफाई साइलेंसर को नष्ट करने का आदेश दिया।

तिल्दा पुलिस ने बताया कि शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात अव्यवस्था को रोकने इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article