डीबीएल ने किया गड्ढा, डंप की गई राख बनी सिरदर्द – vedantsamachar.in

डीबीएल ने किया गड्ढा, डंप की गई राख बनी सिरदर्द

घोघरा के लोगों ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग

कोरबा 7 मई 2026। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक की कोनकोना पंचायत अंतर्गत घोघरा गांव में फ्लाई ऐश उडऩे से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। उड़ती राख के कारण पर्यावरण पर असर पड़ रहा है, वहीं ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-130 का निर्माण करने वाली भोपाल की दिलीप बिल्डकॉन कंपनी ने इस गांव में मुरूम एवं अन्य खनिज के उत्खनन के लिए जमीन लीज पर ली थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद खनन स्थल को समतल करने के बजाय गहरे गड्ढों के रूप में छोड़ दिया गया। बाद में इन गड्ढों को भरने के लिए नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन के फ्लाई ऐश पॉन्ड से राख लाकर डंप कर दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि नियमानुसार फ्लाई ऐश भराव के ऊपर मिट्टी की परत बिछाई जानी चाहिए थी और लगातार पानी का छिडक़ाव किया जाना जरूरी था, ताकि राख हवा में न उड़े। लेकिन इस दिशा में लापरवाही बरती गई। परिणामस्वरूप तेज गर्मी और हवा के बीच बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश आसपास के इलाकों में फैल रही है।
गांव के लोगों ने बताया कि उड़ती राख के कारण आंखों में जलन, त्वचा संबंधी परेशानी, खांसी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। घरों के साथ-साथ खेत और पेड़-पौधे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम से करते हुए ठेका कंपनी और संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही फ्लाई ऐश पर तत्काल मिट्टी डालने और नियमित पानी छिडक़ाव कराने की मांग भी उठाई है।