Vedant Samachar

कलेक्टर ने रोजगार एवं आजीविका ऋण मेला की तैयारियों की समीक्षा, युवाओं-महिलाओं को अधिक रोजगार से जोड़ने पर जोर

Vedant samachar
4 Min Read

जांजगीर-चांपा, 09 दिसम्बर 2025। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आगामी रोजगार एवं आजीविका ऋण मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उद्योगों के प्रतिनिधि, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, बैंकर्स, प्राइवेट कंपनियों, सेवा प्रदाता एजेंसियों तथा नर्सिंग होम संचालकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के युवाओं को बैंकिंग, डेटा एंट्री, टैली ऑपरेटर सहित सर्विस सेक्टर की मांगों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि सर्विस सेक्टर में रोजगार की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए युवाओं को इन क्षेत्रों से जोड़ना बेहद आवश्यक है।

साथ ही उन्होंने चेम्बर ऑफ कॉमर्स और बैंकर्स को उनके मानव संसाधन की वास्तविक आवश्यकता का डेटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि रोजगार मेले में युवाओं को अधिक प्रभावी अवसर प्रदान किए जा सकें। नर्सिंग होम्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने वृद्धजनों एवं बच्चों की देखभाल से संबंधित प्रशिक्षित स्टाफ तैयार करने के निर्देश भी दिए।

Oplus_131072

कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संस्थानों से मेले में सक्रिय सहभागिता करने और युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने की अपील की। सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सूची भेजने और मेले में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

रोजगार एवं आजीविका ऋण मेला इन तिथियों को आयोजित होगा
जिले में रोजगार एवं आजीविका ऋण मेला निम्नानुसार आयोजित किया जाएगा—

  • 17 दिसम्बर 2025 – कृषि उपज मंडी प्रांगण, जनपद पंचायत अकलतरा
  • 26 दिसम्बर 2025 – समरसता भवन, जावलपुर जनपद पंचायत बलौदा
  • 07 जनवरी 2026 – सद्भावना भवन, जनपद पंचायत पामगढ़
  • 16 जनवरी 2026 – शासकीय हाई स्कूल मैदान कपिस्दा, जनपद पंचायत बम्हनीडीह
  • 28 जनवरी 2026 – जी.एल.डी. स्कूल रोड खैरताल नवागढ़, जनपद पंचायत नवागढ़

कलेक्टर ने बताया कि रोजगार एवं आजीविका ऋण मेला के जरिए स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकिंग में वृद्धि, बैंकों द्वारा प्रायोरिटी सेक्टर में ऋण वितरण को बढ़ावा, ग्रामीण हितग्राहियों को विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं से जोड़ना तथा मुद्रा, पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी, केसीसी, पशुपालन, मछली पालन, पीएम एफएमई, अन्त्यव्यवसायी, एनयूएलएम, पीएम विश्वकर्मा सहित अन्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना लक्ष्य है।

मेले में नए बैंक खाते खोले जाएंगे, बीमा क्लेम, आधार पंजीयन, वित्तीय साक्षरता और साइबर फ्रॉड रोकथाम संबंधी जानकारी दी जाएगी। बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे सभी लाभार्थियों को एक ही मंच पर सभी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

मेले में निजी कंपनियां, उद्योग, नर्सिंग संस्थान, वित्तीय संस्थान, राइस मिल, शिक्षा संस्थान और सेवा प्रदाता एजेंसियाँ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगी। वहीं बैंक केसीसी और अन्य ऋण स्वीकृति के लक्ष्य की पूर्ति की दिशा में कार्य करेंगे। साथ ही हितग्राहियों का पंजीयन, प्रशिक्षण चयन, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का स्टॉल, वितरण तथा ऑन-द-स्पॉट पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

Share This Article