Vedant Samachar

CISF के 80 जवानों ने किया श्रमदान, कोयलांचल में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा/दीपका, 07 दिसंबर (वेदांत समाचार)। कोयलांचल क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ के जवानों ने शनिवार, 6 दिसंबर को बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में लगभग 80 जवानों ने शक्तिनगर गेवरा से दीपका तक करीब 7 किलोमीटर क्षेत्र में श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।

अभियान के दौरान दीपका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगर पालिका परिषद क्षेत्र, स्थानीय पार्कों और मुख्य सड़कों पर व्यापक सफाई की गई। जगह-जगह झाड़ू लगाकर कचरा हटाया गया और नगर पालिका के दमकल वाहन से परिसरों की धुलाई भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान को पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया गया।

स्वच्छता अभियान का विशेष आकर्षण लाखों रुपये की लागत से स्थापित विभिन्न मूर्तियों की सफाई रही। धूल-मिट्टी की परत से ढकी इन मूर्तियों को जेट पानी से धोकर चमकाया गया।

यह अभियान सीआईएसएफ के डीआईजी निर्विकार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सीनियर कमांडेंट डॉ. नागेंद्र झा, डिप्टी कमांडेंट नकुल वर्मा, प्रवेश पांडे, असिस्टेंट कमांडेंट रमेश कुमार और यासिन चौधरी ने अभियान का नेतृत्व किया।

इस मौके पर निरीक्षक सुरेश कुमार, सुधीर कुमार, लोकेश के. मधुकर, रामरेगम कार्तिक, एएसआई नीरज पांडे, संदीप कुमार, बीएचएम एम.के. द्विवेदी, सीएचएम रंजीत यादव, एलओ रामगोपाल शर्मा, बी.बी. राव, एमटीओ प्रकाश सहित बड़ी संख्या में सीआईएसएफ जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

नगर पालिका दीपका के सीएमओ राजेश कुमार गुप्ता, स्टाफ सचिन तेलंग, हेमंत देवांगन और सफाईकर्मियों ने भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।

डीआईजी निर्विकार ने कहा कि कोरबा एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही से प्रदूषण अधिक रहता है। ऐसे में नागरिकों का दायित्व है कि वे स्वच्छता को केवल अभियान के रूप में न देखकर अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण निर्मित हो सके।

Share This Article