Vedant Samachar

सिर कुचल डाला, भेजा बाहर निकाला और जबड़े के कई टुकड़े किए…नशेबाज़ी के विरोध पर नेत्रहीन बड़े भाई की हत्या, आरोपी छोटा भाई फरार

Vedant samachar
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नशेबाजी का विरोध करने पर छोटे भाई ने अपने नेत्रहीन बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना गुरुवार रात बर्रा थाना क्षेत्र के विश्वबैंक इलाके की है, जहां आरोपी छोटे भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर बड़े भाई को साबड़ और ईंट से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट इस वारदात की बर्बरता को पूरी तरह उजागर करती है। रिपोर्ट के अनुसार मृतक कुंदन सिंह (45) की खोपड़ी की हड्डियाँ बुरी तरह टूट चुकी थीं, दिमाग बाहर तक आ गया था, जबड़े के कई टुकड़े मिलें, साथ ही हाथ भी टूट गया था। पुलिस ने आरोपी के साथी राजू चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी चंदन की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।

परिवार के मुताबिक कुंदन अपनी बहन कंचन और छोटे भाई चंदन के साथ रहता था। कुंदन पिछले एक साल से मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह नेत्रहीन हो गया था। वहीं चंदन शराब का आदी था और हर हफ्ते-दो हफ्ते में घर आकर दोस्तों के साथ नशेबाजी करता था। घर में शराब पीने का कुंदन लगातार विरोध करता था।

बुधवार दोपहर चंदन और उसका दोस्त राजू घर में शराब पी रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने कुंदन पर चाकू से हमला कर दिया और भाग निकले। मामला पारिवारिक होने के कारण शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। रात को चंदन फिर राजू के साथ घर लौटा। कंचन के मुताबिक दोनों ने पहले उसे पीटा, फिर ऊपर सो रहे कुंदन के कमरे में पहुंचकर ईंट और साबड़ से हमला कर दिया। डर के कारण कंचन ऊपर नहीं जा सकी। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।

सुबह जब कंचन कमरे में पहुंची तो कुंदन खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा था। बर्रा पुलिस के अनुसार गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी राजू चौरसिया गिरफ्त में है और शहर से भागने की फिराक में था।

परिजनों ने बताया कि आरोपी चंदन पहले भी हिंसक वारदात में शामिल रहा है। तीन साल पहले गोविंद नगर में उसने एक युवक पर जानलेवा हमला किया था और हत्या के प्रयास के मामले में एक साल जेल में रहा। हाल ही में जमानत पर बाहर आकर लखनऊ में टाइल्स फिटिंग का काम कर रहा था। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Share This Article