जगदलपुर, 05 दिसंबर (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने बोधघाट थाना क्षेत्र में आम लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय सोनू बघेल, पिता नारायण बघेल, निवासी गांधी नगर वार्ड, गंगामुंडा, जगदलपुर के रूप में हुई है। आरोपी चोरी का आदतन अपराधी भी बताया जा रहा है।
गंगामुंडा तालाब चौपाटी के पास एक युवक द्वारा धारदार बटनदार चाकू लहराकर राहगीरों को धमकाने की सूचना मुखबिर से बोधघाट थाना पुलिस को मिली थी। इस पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में तत्काल टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी सोनू बघेल चाकू लहराकर गुंडागर्दी करते पाया गया। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू जब्त किया। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप-निरीक्षक लोकेश्वर नाग, म.प्र.आर. वर्षा साहू, आरक्षक थानेंद्र सिन्हा, मानकू कोर्राम, होरी लाल आर्मो और कामदेव दर्रो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



