Vedant Samachar

धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता, हेरोइन बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार…

Vedant samachar
2 Min Read

धमतरी,01 दिसंबर (वेदांत समाचार) । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। एसपी धमतरी के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने सुन्दरगंज वार्ड के डागा धर्मशाला के पास हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री में शामिल दो आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2.4 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 48 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही सिल्वर फॉयल, 30 रुपये नगद, एक लाईटर व दो मोबाइल फोन सहित कुल 68,030 रुपये का माल जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 315/25 धारा 21 (ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी

  1. मोहम्मद शाहिर खत्री (21 वर्ष), निवासी सुन्दरगंज वार्ड, धमतरी
  2. मंदीप सिंह (32 वर्ष), निवासी सुन्दरगंज वार्ड, धमतरी

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई को अंजाम देने में हाल ही में पकड़े गए आरोपी नरेन्द्र उर्फ निखिल निर्मलकर तथा खिलेश उर्फ सोनू देवांगन से हुई पूछताछ ने अहम भूमिका निभाई। तीन दिन पहले पुलिस ने इनके कब्जे से 1.5 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन, बिक्री रकम, सिल्वर फॉयल, लाईटर व इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की थी, जिसकी कुल कीमत 48 हजार रुपये आंकी गई थी। इन्हीं सुरागों के आधार पर आगे की दबिश देकर पुलिस ने नए आरोपियों को पकड़ा।

एसपी धमतरी ने जिले में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती बरतने निर्देश दिए हैं। इसी के तहत सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्क रहते हुए लगातार कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबारियों पर निगरानी जारी रहेगी और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार होती रहेगी।

Share This Article